प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल
- फोटो : अमर उजाला
लद्दाख के सांसद जाम्यांग सीरिंग नामग्याल की अगुवाई में लेह और कारगिल जिलों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अनुच्छेद 370 और 35ए को खत्म करने और लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा देने की 71 सालों से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री को आश्वासन दिया कि लद्दाख के लोग देश हित में हर वक्त खड़े हैं। प्रतिनिधिमंडल में एचई थिक्से खानपो रिंपोचे, लेह के स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी काउंसलर ग्याल पी वांग्याल, पूर्व चेयरमैन हाजी अनायत अली आदि शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने गृह राज्यमंत्री जी कृष्ण रेड्डी और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्ढा से भी मुलाकात की। सांसद जाम्यांग ने सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों का खंडन किया हैं जिसमें कहा गया हैं कि कारगिल के मुख्य कार्यकारी काउंसलर फिरोज खान व कई अन्य नेता बैठक में मौजूद नहीं रहे। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को फोन किया गया था लेकिन निजी कारणों से वह नहीं पहुंचे।