संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन/जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुन्फर सुरंग का काम पूरा होने के करीब है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह सुरंग की एक ट्यूब को अगले सप्ताह के अंत तक यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
हाईवे पर 924 मीटर लंबी इस सुरंग के चालू हो जाने के बाद रामबन जिले के लगभग तीन किलोमीटर के भूस्खलन और दुर्घटना-संभावित क्षेत्र से मुक्ति मिलेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा अनुबंध से जुड़े कुछ मुद्दों के लंबित होने के कारण इस सुरंग का निर्माण एक साल की देरी 2018 में शुरू हुआ था। इस सुरंग का निर्माण गैमन इंडिया लिमिटेड कर रही है।
यह सुरंग 270 किलोमीटर लंबे चार लेन के निर्माणाधीन जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा है। रामबन के उपायुक्त मुसर्रत इस्लाम ने कहा, कुन्फर सुरंग का पहला ट्यूब लगभग पूरा हो चुका है और हम उम्मीद कर रहे हैं कि अगले आठ दिनों में इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। परियोजना की दैनिक आधार पर निगरानी कर रहे इस्लाम ने कहा कि केवल 50 से 100 मीटर फुटपाथ गुणवत्ता कंक्रीट (पीक्यूसी) बिछाने और पहुंच मार्ग का निर्माण लंबित है। उन्होंने कहा, पिछले कुछ दिनों से खराब मौसम ने अप्रोच रोड के काम में बाधा डाली है।
16 मार्च को एनएचआई ने राजमार्ग पर 880 मीटर लंबी T-5 सुरंग को जनता को समर्पित किया था। यह सुरंग रामबन जिले में पंंथियाल के सबसे कमजोर हिस्से से मुक्ति दिलाती है। फोर लेन परियोजना पर काम 2011 में शुरू हुआ और इसमें कई छोटी और बड़ी सुरंगें, पुल और फ्लाईओवर शामिल हैं। इस परियोजना के अगले साल तक पूरा होने की संभावना है।गैमन इंडिया लिमिटेड के उप महाप्रबंधक सलीम खान ने कहा कि सुरंग कुन्फर सुरंग की पहली ट्यूब (टी1) लगभग तैयार है और चालू होने में अधिकतम 10 दिन लगेंगे। केवल कुछ सड़क निर्माण बाकी है। जबकि दूसरी ट्यूब (टी2) के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह दो महीने के भीतर तैयार हो जाएगी। टी 2 टनल लाइनिंग से गुजर रही है और 45 मीटर की खोदाई का काम बाकी है।