सोपोर में डांगीवाचा के ऊपरी हिस्से में बादल फटने से चार लोगों की मौत हो गई है। एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश में बचाव कार्य जारी है। ये सभी जम्मू संभाग के राजोरी जिले के रहने वाले थे। उधर, कुलगाम में भारी बारिश के कारण यथ यथुर नाले में अचानक जलस्तर बढ़ गया। एक परिवार अपने पशुओं के साथ नाले के बीच में फंस गया। जिसे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित निकाला।
कश्मीर संभाग के सोपोर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात डांगीवाचा के ऊपरी हिस्से में बादल फटा। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान चार शव बरामद किए गए। नौशेरा निवासी मोहम्मद बशीर खारी उम्र लगभग 80 वर्ष, अभी भी लापता है।
विज्ञापन
उधर, मृतकों की पहचान मोहम्मद तारिक खारी पुत्र मोहम्मद फारूक, शहनाजा बेगम पत्नी मोहम्मद फारूक खारी, नाजिया अख्तर पुत्री मोहम्मद फारूक, और आरिफ हुसैन खारी पुत्र मोहम्मद फारूक के रूप में हुई है। ये सभी जम्मू संभाग के नौशेरा, राजोरी के रहने वाले थे।
भारी बारिश के बाद नाले का जलस्तर बढ़ने से फंसे लोग, कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाले गए
उधर, कुलगाम में भारी बारिश के कारण शनिवार-रविवार की दरमियानी रात यथ यथुर नाले में अचानक जलस्तर बढ़ गया। इस दौरान एक परिवार अपने पशुओं के साथ नाले के बीच में फंस गया। सूचना मिलते ही मीरबाजार सब इंस्पेक्टर अब्दुल राशिद के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ टीम, एसएचओ और एसडीपीओ काजीगुंड मौके पर पहुंचे।
कड़ी मेहनत से 200 भेड़ों सहित पांच सदस्यों के परिवार को बचाया गया। इसके बाद सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों और सुरक्षित निकाले गए लोगों ने जान और जानवर बचाने के लिए पुलिस को धन्यवाद दिया।