सांबा। शहर के प्रसिद्ध चीची माता मंदिर के सामने गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आने-जाने वाले लोगों को बदबू का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने मंदिर के सामने से कूड़ा उठाने के साथ ही साफ सफाई कराने की मांग की हैं। मंदिर आने वाले श्रद्धालु राहुल कुमार व मुकेश कुमार ने कहा कि नवरात्र पूरे होते ही मंदिर के आगे फिर गंदगी के ढेर लगना शुरू हो गए हैं। त्योहार और नवरात्र में तो नगर परिषद कर्मी सफाई करते हैं लेकिन बाद में सफाई व्यवस्था राम भरोसे हो जाती है।
स्थानीय निवासी अजय सिंह व विनोद कुमार ने कहा कि मंदिर के आसपास जमा गंदगी और कचरा साथ सटी पार्किंग स्थल के पास जमा कर दिया जाता है। दुकानदारों का कचरा भी यहीं फेंका जाता है। असहनीय दुर्गंध और मक्खी मच्छरों के पनपने से बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। मंदिर प्रबंधन और पालिका को चाहिए कि सामूहिक प्रयास कर मंदिर और आसपास साफ सफाई रखे। लोगों को भी मंदिर के आसपास गंदगी नहीं फैलानी चाहिए।
फोटो 8 सांबा 002 : मंदिर परिसर के सामने लगा ढ़ेर