एमए स्टेडियम में अशोक सोढ़ी मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। एमए स्टेडियम में अशोक सोढ़ी मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में केटी लायंस और जगुआर क्रिकेट क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने निर्धारित 20 ओवर में 141 रन बनाए और मुकाबला टाई रहा, जिस कारण मुकाबला सुपरओवर तक गया। केटी लायंस ने सुपर ओवर में जगुआर क्रिकेट क्लब को हराकर खिताब अपने नाम किया। सुपर ओवर में जगुआर क्रिकेट क्लब के लिए गुरमीत सिंह ने आठ रन बनाए, जवाब में केटी लायंस के अनिल कलसी ने छक्का लगाकर तीन गेंदों शेष रहते नौ रन बनाकर अपनी टीम को विजेता बनाया।
इससे पहले फाइनल मैच में केटी लायंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 141 रन बनाए। शुभम शर्मा ने सर्वाधिक 28 रन बनाए, जबकि अतुल ने 26 और वरुण ने नाबाद 17 रनों की पारी खेली। जगुआर क्रिकेट क्लब के लिए कप्तान रवप्रीत सिंह ने चार ओवर में मात्र 19 रन देकर पांच विकेट लिए। नरिंदर सिंह, मारकोस और तबु ने एक-एक विकेट लिए।
जीत के लिए 142 रनों का पीछा करते हुए जगुआर क्रिकेट क्लब ने रोबिन सिंह (45) और गुरमीत सिंह (49) के शानदार पारी की बदौलत छह विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए और स्कोर बराबर किया। केटी लायन्स के लिए केवल कोतवाल ने तीन और रमन चरगोत्रा ने दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। केवल कोतवाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।