अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। राजोरी जिला के थाना मंडी इलाके के रहने वाले 38 साल के मोहम्मद कबीर का शव सतवारी थाने क्षेत्र में आते इलाके से मिला है। मृतक कबीर छह मई से लापता था। वह मुंबई में एक कंपनी में काम करता था, छह मई को ट्रेन से जम्मू आया था। रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वह लापता हो गया। शनिवार को उसका शव बरामद हुआ।
जम्मू रेलवे स्टेशन से बाहर निकालने के बाद जब वह लापता हुआ तो परिवार सदस्य जम्मू पहुंचे और उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य इनपुट के बाद भी कबीर का कोई पता नहीं चल पाया। शनिवार को पुलिस ने परिवार के सदस्यों को फोन कर बताया कि एक शव मिला है जिसकी पहचान करने जब परिवार के सदस्य जीएमसी पहुंचे तो देखा कि शव कबीर का ही है। उसकी मौत किन कारणों से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिवार के सदस्यों के मुताबिक मृतक ने आखिरी बार छह मई को अपनी बीवी से फोन पर बात की थी और तब वह ट्रेन में लखनपुर में था। आखिरी बातचीत में उसने कहा था कि लखनपुर के आगे मेरी सिम बंद हो जाएगी मैं घर आकर ही बात करूंगा। कबीर के परिवार में पत्नी, माता-पिता और भाई है। परिवार ने मामले की जांच करवाने की मांग है। उनका कहना है कि कबीर आत्महत्या नहीं कर सकता। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। बता दें कि कबीर की गुमशुदगी की रिपोर्ट त्रिकुटा नगर थाने में दर्ज करवाई गई थी।