जम्मू के किश्तवाड़ में आतंकियों ने एक साल के भीतर दूसरी बार स्थानीय सुरक्षा तंत्र से जुड़े लोगों को निशाना बनाया है। पिछले वर्ष दो ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) की हत्या और अब दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या ने स्थानीय रक्षा नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
दोनों घटनाओं में एक समानता है कि निशाने पर ऐसे स्थानीय लोग रहे, जो स्थानीय सुरक्षा तंत्र से जुड़ थे। क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति से अच्छी तरह परिचित थे। एसपीओ की हत्या के बाद संवेदनशील किश्तवाड़ में आतंकियों की रणनीति और मौजूदगी फिर उजागर हुई है।
इसी साल फरवरी में ऑपरेशन त्राशी के दौरान पाकिस्तानी सैफुल्लाह सहित सात आतंकियों का सफाया हुआ था। इसके बाद से आतंकियों की गतिविधियां कुछ कम हुई थीं। अब उनकी मौजूदगी दोबारा दिख रही है।
किश्तवाड़ में पहाड़ों से घिरे दुर्गम इलाके, घने जंगल और सीमित संपर्क मार्ग वाली भौगोलिक स्थिति हमेशा से सुरक्षाबलों के लिए चुनौती रही है। पिछले साल आठ नवंबर को आतंकियों ने ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) नजीर अहमद और कुलदीप कुमार की अपहरण के बाद हत्या कर दी थी। अब एक साल बाद नवंबर में ही दो एसपीओ को निशाना बनाया है।
सर्दियों की शुरुआत ने बढ़ाई सुरक्षा चुनौती
दच्छन किश्तवाड़ के ऊपरी और दूरस्थ इलाकों में आता है। यहां घने जंगलों के साथ ऊंची पहाड़ियां और कठिन रास्ते हैं। सर्दियों की शुरुआत के साथ तापमान गिरने लगता है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी आवाजाही को प्रभावित करती है।
ऐसे हालात में तलाशी और निगरानी अभियान चलाना आसान नहीं रहता। खुफिया एजेंसियों के इनपुट के अनुसार किश्तवाड़ के ऊपरी इलाकों में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों का एक समूह अब भी सक्रिय है। इसी वजह से क्षेत्र में पहले से तलाशी अभियान चलाए जा रहे थे। हाल के दिनों में सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने जिले का दौरा कर चुके हैं।
अब हाइडआउट और रसद नेटवर्क पर नजर
सुरक्षा एजेंसियों के लिए आतंकियों की इस बदलती कार्यशैली में तीन पहलू महत्वपूर्ण हो गए हैं। पहला मोबाइल फोन के इस्तेमाल में कमी के बावजूद उनकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाना। दूसरा लंबे समय तक उनके छिपे रहने वाले सुरक्षित ठिकानों और वहां तक पहुंचने वाली रसद व्यवस्था का पता लगाना।
तीसरा स्थानीय स्तर पर उन्हें मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क की पहचान करना। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान के दौरान अब केवल वारदात के बाद हमलावरों की तलाश ही नहीं, बल्कि उनके पूरे सपोर्ट सिस्टम को तोड़ना भी अहम हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां इस ओर तेजी से काम कर रही हैं।
दच्छन में आतंकी जहांगीर सरूरी लंबे समय से है सक्रिय
दोनों एसपीओ पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) यूनिट में तैनात थे। स्थानीय होने के कारण दोनों लंबे समय से किश्तवाड़ के ऊपरी इलाकों में सक्रिय आतंकी जहांगीर सरूरी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। सरूरी इस क्षेत्र में अपने नेटवर्क के सहारे लगातार सक्रिय है।
ऐसे में दोनों एसपीओ की हत्या के पीछे सरूरी की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों पर दूर से गोली चलाई गई है। आशंका है कि आतंकियों ने उनकी आवाजाही पर नजर रखने के बाद घात लगाकर हमला किया है।
वारदात के बाद ठिकाना बदलकर फिर अगला हमला
जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकियों ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए वारदात के बाद तत्काल एक स्थान से दूसरे स्थान पर भागने के बजाय लंबे समय तक सुरक्षित ठिकानों (हाइडआउट) में छिपे रहने का तरीका अपनाया है।
आतंकियों का यह ऑपरेशनल नेटवर्क सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौती बन रहा है। खुफिया इनपुट के अनुसार, आतंकी मोबाइल फोन का इस्तेमाल कम कर रहे हैं। इसके बजाय जीपीएस आधारित नेविगेशन उपकरणों के जरिये अपनी आवाजाही और ठिकानों तक पहुंचने की व्यवस्था कर रहे हैं।
उनकी रणनीति में ऐसे सुरक्षित ठिकानों का नेटवर्क महत्वपूर्ण है, जहां लंबे समय तक रहने और खाने-पीने की व्यवस्था पहले से मौजूद रहती है। आतंकियों को पाकिस्तान की ओर से जीपीएस आधारित उपकरण उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
इन उपकरणों की मदद से उन्हें भौगोलिक क्षेत्र और निर्धारित स्थानों तक पहुंचने में सहूलियत मिलती है। इस बदलाव का एक उद्देश्य मोबाइल फोन के इस्तेमाल से पैदा होने वाले डिजिटल साक्ष्यों से बचना भी माना जा रहा है। इससे आतंकियों की लोकेशन का पता लगाने और उनकी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में सुरक्षा एजेंसियों के सामने मुश्किलें बढ़ रही हैं।
लापता दोनों एसपीओ की हत्या, शव बरामद
जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ के दच्छन में ड्यूटी पर जाते समय लापता हुए दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के शव बृहस्पतिवार सुबह जंगल में मिले। दोनों को सिर और पेट में गोली मारी गई है। घटनास्थल से पाकिस्तान निर्मित कारतूसों के खोखे मिले हैं। आशंका है कि दोनों की हत्या आतंकियों ने की है। इनकी तलाश में दच्छन के पूरे जंगल क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। कुलगाम में सीआरपीएफ पर हमले के 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात है।
मारे गए एसपीओ की पहचान कियार गांव निवासी भवी चंद (57) और रशपाल कुमार (47) के रूप में हुई है। दोनों पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे। स्थानीय होने के कारण इलाके की भौगोलिक स्थिति से अच्छी तरह परिचित थे और सेना के साथ आतंकवाद विरोधी अभियानों तथा गश्त में सहयोग करते थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों बुधवार रात कियार गांव स्थित पुलिस कैंप से धरना-मरवाह की ओर सेना की पोस्ट पर पेट्रोलिंग ड्यूटी के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक दोनों से संपर्क टूट गया। उनके मोबाइल फोन भी बंद हो गए। इसके बाद सेना, पुलिस और एसओजी ने तलाशी अभियान शुरू किया। सुबह जंगल में दोनों के शव बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों पर दूर से गोली चलाई गई है। आशंका है कि आतंकियों ने आवाजाही पर नजर रखने के बाद घात लगाकर हमला किया है। हमलावर दोनों के सरकारी हथियार इंसास और .303 राइफल भी लूट ले गए।
आतंकी संगठन हिजबुल के सरगना सरूरी पर शक
वारदात में दच्छन क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सरगना जहांगीर सरूरी उर्फ मो. अमीन सरूरी पर शक जताया जा रहा है। ए डबल प्लस श्रेणी का आतंकी सरूरी 35 वर्षों से सक्रिय है। उसके साथ रियाज और मुदस्सर के भी सक्रिय होने की सूचना है। एसओजी लंबे समय से सरूरी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
जंगलों की घेराबंदी, ड्रोन और खोजी कुत्ते लगाए
हमलावरों की तलाश में दच्छन के घने और दुर्गम जंगलों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। कियार से धरना-मरवाह तक के रास्ते को घेरकर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। तलाशी में हेलिकॉप्टर, ड्रोन कैमरों और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। सुरक्षा बलों का लक्ष्य हमलावरों को घेरकर मार गिराना है।