क्लाउडबर्स्ट के बाद प्रशासन अलर्ट
जिला किश्तवाड़ के द्राबशाला-ठाठरी क्षेत्र में हुए क्लाउडबर्स्ट और उसके बाद आए मलबे एवं तेज बहाव के चलते प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिए हैं। यह जानकारी उपायुक्त (डीसी) किश्तवाड़ पंकज कुमार शर्मा ने दी।
डीसी पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि द्राबशला जीरो प्वाइंट, मछीपाल, सरूड़ क्षेत्र और विशेष रूप से सरथल गाहन के रोड पर भारी मात्रा में मलबा जमा होने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। कुछ स्थानों पर पानी लोगों के घरों के आसपास तक पहुंच गया था, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में मशीनरी भेज दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े प्रभावित हिस्सों की बहाली के लिए एनएचआईडीसीएल को तत्काल मौके पर भेजा गया है, जबकि पीएमजीएसवाई की मशीनरी और जेसीबी भी सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के कार्य में जुटी हुई हैं।
डीसी ने स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान या संपत्ति के क्षतिग्रस्त होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पंकज कुमार शर्मा ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों और आगामी मानसून को देखते हुए नदी-नालों, जलधाराओं और अन्य जल स्रोतों के आसपास जाने से बचें। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों से जिले में क्लाउडबर्स्ट और अचानक बाढ़ जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे कभी भी नालों और जलधाराओं का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
उन्होंने आम जनता से प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन और संबंधित विभागों को सूचित करने की अपील की, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।