रेलवे के फिरोजपुर डिवीजन में कटड़ा और जम्मू का रेलवे स्टेशन जल्द ही बायो टायलेट की सुविधा से लैस होगा। कटड़ा में दो और जम्मू में एक सेट तैयार करके यात्रियों को बायो टायलेट की सुविधा दी जाएगी। प्रत्येक सेट करीब 17 लाख रुपये की राशि से तैयार होगा। फिरोजपुर डिवीजन में कटड़ा पहला बायो टायलेट की सुविधा वाला रेलवे स्टेशन होगा।
रेलवे मंत्रालय की तरफ से राज्य के जम्मू और कटड़ा के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार नई योजनाएं तैयार की जा रही हैं। अब रेलवे दोनों स्टेशन पर बायो टायलेट की सुविधा प्रदान कर रहा है। फिरोजपुर डिवीजन में तीन रेलवे स्टेशन को इस सुविधा के लिए चुना गया है। तीसरा रेलवे स्टेशन अमृतसर है।
कटड़ा में प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर बायो टायलेट तैयार किए जा चुके हैं। एक सेट पर एक समय में चार यात्रियों दो पुरुष, एक महिला और एक विकलांग के लिए सुविधा रखी गई है। जम्मू स्टेशन परिसर में बाहर जाने के रास्ते पर सुलभ शौचालय के नजदीक बायो टायलेट सुविधा होगी। वर्तमान में यहां दो ही शौचालय हैं। एक शौचालय प्लेटफार्म नंबर एक और दूसरा स्टेशन के बाहर है।
सीनियर डीटीएम सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि कटड़ा स्टेशन पर बायो टायलेट तैयार हो चुके हैं और जम्मू रेलवे में जल्द तैयार होगा। इनके बनने के बाद रेल मंत्री सुरेश प्रभु के वीडियो कांफ्रेंस के जरिये इनके उद्घाटन कर सकते हैं।