युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से हीरानगर मिनी स्टेडियम में आयोजित अंतर जोन अंडर 14 क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब कठुआ ने जीत लिया है। खिताबी मुकाबले में कठुआ जोन की टीम ने मेजबान हीरानगर को बड़े अंतर से हराकर फाइनल मैच जीत लिया।
कठुआ जोन से कमलप्रीत का प्रदर्शन शानदार रहा। पहले सेमीफाइनल और उसके बाद फाइनल में शानदार पारी खेलते हुए कठुआ जोन की स्थिति बेहद मजबूत कर दी। नतीजतन टीम को विजय हासिल हुई। प्रतियोगिता के फाइनल मैच की जोनल फिजिकल एजुकेशन अफसर बरनोटी राजेश कुमार ने शुरुआत करवाई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कठुआ जोन ने निर्धारित 15 ओवर में 137 रन बना डाले। कमलप्रीत ने पैंतीस गेंदों में 40 और सरजीवन ने तेज तर्रार 30 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हीरानगर जोन की टीम 85 रन पर ढेर हो गई। हीरानगर जोन से विपन ने सर्वाधिक 21 रन बनाए।
इससे पूर्व वीरवार को ही खेले गए दूसरे और आखिरी सेमीफाइनल मुकाबले में कठुआ जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 98 रन बनाए। कमलप्रीत ने 25 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए, जबकि लक्ष्य ने 15 गेंदों में 15 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। दूसरे पारी में भड्डू जोन की पूरी टीम लक्ष्य से काफी दूर ढेर हो गई। कठुआ जोन ने 75 रन के अंतर से मैच जीत लिया। प्रतियोगिता के दौरान मास्टर मोहनलाल, राम लुभाया और जगदीश चंद्र ने अंपायरिंग की।