जम्मू-कश्मीर में उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में जिला कठुआ से शुरू हुई पहल कारगर साबित हुई है। कठुआ जिला में औद्योगिक इकाई स्थापित करने वाले उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की गई है।
राज्य में अपनी ही तरह की यह पहली ऐसी मुहिम है, जिससे अब उद्यमियों को घर बैठे पंजीकरण की सुविधा मिलेगी, वहीं विभाग के पास भी पंजीकृत इकाइयों का डाटा उपलब्ध रहेगा। जिला औद्योगिक केंद्र कठुआ में हाल ही में ट्रायल के तौर पर पहला पंजीकरण लंदन से दर्ज किया गया।
फूड प्रोसेसिंग यूनिट के लिए जिला औद्योगिक केंद्र कठुआ में अतीफ अहमद ने लंदन से अपने दस्तावेज अपलोड कर आनलाइन आवेदन किया। एमएसएमई डाट जीओवी डाट इन पर उपलब्ध पंजीकरण की इस सुविधा का जल्द ही उद्योग मंत्रालय औपचारिक उद्घाटन भी करने जा रही है।
इसकी खास बात यह है कि इस सुविधा से जहां उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं उद्यमियों को भी टेबल से टेबल फाइल लेकर जाने और महीनों तक इंतजार नहीं करना होगा।