विश्वविद्यालय जम्मू में चल रही अंतर कालेज खो-खो चैंपियनशिप में कठुआ, जीजीएम साइंस कालेज, सांबा, उधमपुर, पीजी आदि ने अपने शानदार खेल को जारी रखते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया। इसमें पुरुषों के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों ने भी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
शारीरिक शिक्षा विभाग जम्मू की ओर से करवाए गए पुरुष मुकाबलों में गवर्नमेंट डिग्री कालेज कठुआ ने गवर्नमेंट डिग्री कालेज उधमपुर को 11 अंकों से शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही सामने वालों पर दबाव की रणनीति बनाकर खेला और उन्हें सफलता भी मिली।
एक अन्य मुकाबले में पीजी विभाग ने जीजीएम साइंस कालेज को आठ अंकों से मात दी। इसके अलावा एमएएम कालेज ने कांटे की टक्कर में गवर्नमेंट डिग्री कालेज सांबा को शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया लेकिन आखिर में एमएएम के खिलाड़ी बाजी मारने में कामयाब रहे।
महिला वर्ग में एसवीएस चनरोइयां ने एसपीएमआर कामर्स कालेज को सात अंकों से पछाड़कर जीत दर्ज की। इसी तरह गवर्नमेंट डिग्री कालेज उधमपुर ने गवर्नमेंट डिग्री कालेज सांबा को सात और पीजी विभाग ने गवर्नमेंट महिला कालेज परेड जम्मू को पांच अंकों से पराजित किया। इन मुकाबलों में गगन कुमार, अनिल शर्मा, अनिल कुमार, अंकुश शर्मा तकनीकी अधिकारी रहे।