बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय
- फोटो : Amar Ujala
बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय (बीजीएसबी) में मंगलवार की रात एक बार फिर कश्मीरी छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सोमवार को हुए विवाद के बाद मंगलवार को दिनभर माहौल शांति पूर्ण व नियंत्रण में रहा, लेकिन देर शाम फिर प्रदर्शन शुरू हो गए। जिला मजिस्ट्रेट शब्बीर अहमद बट्ट का कहना है कि पुलिस और जिला प्रशासन विश्वविद्यालय की घटना पर नजर रखे हुए है और छात्रों को शांत कराने की कोशिश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कुछ कश्मीरी छात्र मंगलवार शाम को बाजार गए थे, वहां उनका सामना कुछ गैर कश्मीरी छात्रों और स्थानीय युवकों से हुआ। कश्मीरी छात्रों का आरोप है कि इस दौरान स्थानीय युवकों ने उनके साथ मारपीट की। कश्मीरी छात्रों ने घटना के बाद विश्वविद्यालय पहुंच कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कश्मीरी छात्राएं भी प्रदर्शन में शामिल हो गईं।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोपी युवकों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की खबर मिलते ही डीएसपी ऑपरेशन इफ्तकार कुरैशी और एसएचओ राजोरी चमन गोरखा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों को शांत करवाने की कोशिश की लेकिन छात्रों ने प्रदर्शन जारी रखा।
ज्ञात हो कि सोमवार को भी कश्मीरी छात्रों ने जमकर उपद्रव किया था। स्थानीय युवकों को पीटने के साथ ही वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की थी। पुलिस बल पर पथराव भी किया था।