दंगल गर्ल जायरा वसीम के बाद कश्मीर की एक और बेटी को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। नगरोटा के एनसीसी कैंप में ट्रेनिंग कर रही एक कैडेट के फेसबुक पर पोस्ट किए वीडियो को जहां एक ओर फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सअप पर बड़ी संख्या में शेयर किया गया तो वहीं कई और लोग ऐसे भी दिखे जिन्होंने कश्मीर की इस बेटी की बातों की आलोचना की।
बीते दिनों शेयर हुए इस वीडियो को ट्विटर समेत कई अन्य प्लेटफार्मों पर बड़ी संख्या में साझा किया गया था। इस दौरान कई लोगों ने इस वीडियो को पोस्ट करने वाली कश्मीर की बेटी की सराहना की। इस प्रशंसक संख्या में बड़ी संख्या में छात्र, युवा वर्ग के लोग और सामाजिक जीवन से जुड़े विचारक भी शामिल थे। इसके इतर कई अन्य लोगों ने इसे इस्लाम और कश्मीर से जोड़कर लड़की पर भद्दे कमेंट और आलोचनात्मक राय लिखी।
इसके अलावा इस बात की भी जानकारी सामने आई कि लड़की की पोस्ट पर कुछ लोगों द्वारा उसके माता पिता को धमकी देने के कमेंट भी किए गए थे, हालांकि अब तक आधिकारिक रूप से इस बात की कोई पुष्टि नहीं की गई है। गौरतलब है कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग महिला डिग्री कालेज की एनसीसी कैडेट छात्रा ने फेसबुक पर घाटी के युवाओं को साफ संदेश दिया कि पत्थरबाजी और आजादी के नारे लगाना छोड़ें और भारत में वास्तविक आजादी का आनंद लें।
कालेज की छात्रा का इस आग्रह का वीडियो फेसबुक पर वायरल हो गया। छात्रा की पोस्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा जिसके बाद कई लोगों ने उसकी पोस्ट के पक्ष में प्रतिक्रियाएं भी दीं। जिस न्यूज पोर्टल ने इस वीडियो को फेसबुक पर डाला था, हालांकि बाद में पोस्ट को हटा दिया, लेकिन उसके चेहरे को दिखाए बिना इसे दोबारा साइट पर डाला गया। वीडियो में छात्रा ने कश्मीरी युवाओं को अपनी पोस्ट के जरिये यह संदेश दिया कि आजादी के नारों, पत्थरबाजी और प्रदर्शनों से दूर रहो, क्योंकि असल में जो आजादी है, वह यहीं पर है। यानी भारत के साथ।