कोरोना संक्रमण को देखते हुए जम्मू संभाग के उधमपुर में रेड जोन घोषित भठिंडी से निकलकर कश्मीर का जाना-माना कारोबारी मुश्ताक चाया शुक्रवार को श्रीनगर पहुंच गया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
श्रीनगर में डॉक्टरों की टीम ने पहुंचकर उसकी स्क्रीनिंग की। साथ ही उसे क्वारंटीन कर दिया गया है। रेड जोन से निकलने और कश्मीर तक पहुंचने के मामले में पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह कश्मीर तक पहुंचने में कैसे सफल रहा।
सूत्रों के अनुसार त्रिकुटानगर एसएचओ की ओर से उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई कि मुश्ताक भठिंडी के फारूक अब्दुल्ला इन्क्लेव में रहता है। वह कुछ अन्य लोगों के साथ रेड जोन से निकलकर श्रीनगर के जाकूरा स्थित अपने घर चला गया। इसके बाद पुलिस तथा प्रशासन हरकत में आई।
उधर, दो ट्रकों में छिपकर कश्मीर और बटोट जा रहे दो महिलाओं समेत सात लोगों को पुलिस ने मजालता के पास पकड़ लिया। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही क्वारंटीन कर दिया गया है। ट्रक को भी जब्त कर लिया है। यह सभी दिल्ली से लखनपुर तक पहुंच गए थे।