मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के मगम में अपनी तरह के पहले गैस इंसुलेटड पावर सब स्टेशन को स्थापित किया गया है। इसके जरिए कश्मीर घाटी को प्रतिदिन एक हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलेगी।
जीई पावर कंपनी ने बताया कि यह सब स्टेशन नार्दर्न रीजन सिस्टम स्ट्रेंथनिंग 29 प्रोजेक्ट का हिस्सा है। पंजाब राज्य के अलावा कश्मीर को एक हजार मेगावाट बिजली की आपूर्ति होने से समस्या का निदान होगा।
स्टरलाइट पावर के सीईओ वेद मनी ने कहा कि जम्मू कश्मीर की जरूरतों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। यहां बिजली का काफी संकट है। ठंड के मौसम में बिजली की डिमांड काफी बढ़ जाती है।
स्टरलाइट कंपनी ने पिछले माह 400 किलोमीटर लंबी सांबा से बारामुला तक ट्रांसमिशन लाइन बिछाई है। इस दौरान भारी मशीनरी को इधर से उधर ले जाना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। इसके लिए विशेष वाहनों का प्रयोग किया गया।