कश्मीर में 43 दिन से जारी हिंसा से चिंतित रियासत के विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राहुल गांधी से कश्मीर मसले का राजनीतिक हल ढूंढने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रयास तेज करने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कांग्रेस उपाध्यक्ष से कश्मीर के मौजूदा हालात पर चर्चा के दौरान कश्मीर में जारी हिंसा को राष्ट्रीय स्तर की समस्या की तर्ज पर गंभीरता से लेने और इसका समाधान किए जाने पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे उमर अब्दुल्ला ने रियासत की भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार पर मौजूदा परिस्थितियों को सही तरीके से न समझने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते इसका प्रशासनिक के बजाय राजनीतिक हल ढूंढने की कवायद शुरू नहीं की गई तो तनाव और बढ़ सकता है। इससे लोगों में अलगाववादी की भावना भी बढ़ सकती है।