कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा हिरासत में
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू में शहीदी चौक स्थित प्रदेश कांग्रेस के पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार की शाम एक पत्रकार वार्ता करने जा रहे पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा और पीसीसी सचिव नीरज गुप्ता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दोनों को पीर मिट्ठा पुलिस स्टेशन में रखा गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अमन भंग करने का मामला दर्ज कर लिया है। इस बीच पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गुलाम अहमद मीर को भी पुलिस ने आवास पर नजरबंद कर दिया। पार्टी वक्ताओं ने इसे लोकतंत्र और प्रजातंत्र के खिलाफ बताया है।
मुख्य प्रवक्ता शर्मा ने कहा कि वह पार्टी की भविष्य के कार्यक्रमों को लेकर पत्रकार वार्ता कर रहे थे। वह किसी तरह का कोई विरोध या प्रदर्शन नहीं कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने अलोकतांत्रिक तरीके से पार्टी मुख्यालय में घुसकर उन्हें हिरासत में लिया।
कांग्रेस राष्ट्रवादी पार्टी है और उसे अपनी बात रखने का अधिकार है। नीरज गुप्ता ने कहा कि जम्मू में धारा 144 लागू नहीं है। हालात सामान्य हैं, फिर भी सरकार जबरन हिरासत में ले रही है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मीर ने कहा कि मुख्य प्रवक्ता को हिरासत में लेने के पांच मिनट में मुझे ग्रेटर कैलाश स्थित आवास में नजरबंद कर दिया गया।
पार्टी के वरिष्ठ नेता तारा चंद, मदन लाल शर्मा, मूला राम, कांता भान, ठाकुर बलवान सिंह, रजनीश शर्मा आदि ने कहा कि सरकार लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही हैं। सरकार एक तरफ में जम्मू में किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं लगाने और हालात सामान्य होने का दावा कर रही है, लेकिन दूसरी ओर राजनीतिक नेताओं पर पाबंदियां लगाई जा रही हैं। जनता की आवाज को दबाने की कोशिशें की जा रही हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि "मैं जम्मू-कश्मीर पीसीसी चीफ गुलाम अहमद मीर और प्रवक्ता रविंदर शर्मा की शुक्रवार को जम्मू में गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं। एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के खिलाफ यह अकारण कार्रवाई, सरकार ने लोकतंत्र को एक और झटका दिया है। यह पागलपन कब खत्म होगा?