केएएस अफसर सुशील अत्री की मौत की जांच स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) करेगी। इसके इंचार्ज एसपी साउथ विनय शर्मा को बनाया गया है। जिसमें कुछ और अधिकारी भी शामिल किए गए हैं। बुधवार को अफसर के शव का डाक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। इस मौके एसआईटी के अधिकारी भी मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
सुशील अत्री 2004 बैच के केएएस अफसर थे। जिनका शव मंगलवार को सैनिक कालोनी के अंसल ग्रेस अपार्टमेंट के फ्लैट में फंदे से लटका मिला था। पोस्टमार्टम के दौरान डाक्टरों के बोर्ड ने बिसरा आदि लिया। फोरेंसिक साइंस की टीम ने जांच के लिए सुशील के शरीर से कई सैंपल लिए हैं। शुरूआती जांच में यह मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। बावजूद इसके नमूने लिए गए हैं, ताकि कहीं भी यह गुंजाइश बाकी न बचे कि यह मामला हत्या का तो नहीं। या फिर हत्या के लिए किसी ने उकसाया तो नहीं।
मामला एक वरिष्ठ केएएस अफसर से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे बेहद गंभीरता से ले रही है। इसलिए एसएसपी जम्मू तेजेंदर सिंह ने एसआईटी बनाई। एसआईटी में एसडीपीओ ईस्ट राजिंदर साही, एसओजी के डीएसपी जाहिद वानी, एसएचओ मोहम्मद असलम, सब इंस्पेक्टर दीपक ठाकुर को शामिल किया गया है।
बिसरा को फोरेंसिक लैब में भेजा
सुशील अत्री के बिसरा के अलावा शरीर के कई पार्ट फोरेंसिक की टीम जांच के लिए साथ ले गई। इनकी जांच के बाद ही सुशील की मौत का असली कारण पता चलेगा। बताया जा रहा है कि सुशील के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।