सुंदरबनी। सीमा सुरक्षा बल ने सोमवार को गांव सेरी में एक कार्यक्रम का आयोजन कर उप कमांडिंग अधिकारी तरुण गुप्ता और उनके चालक उदय कुमार को श्रद्धांजलि दी। नौ वर्ष पूर्व आज ही के दिन एक नाले में तरुण गुप्ता तथा उदय कुमार की बाढ़ की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
गांव में दोनों सीमा प्रहरियों की याद में बनाए गए स्मारक पर बीएसएफ सेक्टर हैड क्वार्टर सुंदरबनी के उप महानिरीक्षक राकेश कुमार नेगी, वाई डी वशिष्ठ कमांडिंग अधिकारी, 171वीं बटालियन पूर्व कप्तान बलवंत सिंह तथा गांव सेरी के पंचों व सरपंचों ने दिवंगत श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर बीएसएफ के अधिकारियों ने कहा कि सेना के ये दोनों सीमा प्रहरी 26 जुलाई की रात को एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन को पूरा कर वापस सुंदरबनी आ रहे थे। रास्ते में उनका वाहन बाढ़ की चपेट में आ गया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। इस अवसर पर सभी ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि दी।