कारगिल। लद्दाख की दो युवा ताइक्वांडो एथलीट ने जम्मू में हुई नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पदक जीतकर लद्दाख का नाम रोशन किया है।
गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल अकचमल की क्लास 12वीं की छात्रा जहरा बतूल ने अंडर-19 में अंडर-56 किलोग्राम वेट कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता। इसी तरह गवर्नमेंट हाई स्कूल बारू कारगिल की शबनम जहरा ने अंडर-19 मं 59 किलोग्राम भार श्रेणी में कांस्य पदक जीता। दोनों एथलीट स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ट्रेनिंग सेंटर कारगिल में प्रशिक्षण ले रही हैं जो जिले में युवा खेल प्रतिभा को विकसित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
लद्दाख ताइक्वांडो एसोसिएशन के मेंटर और चीफ टेक्निकल डायरेक्टर अतुल पंगोत्रा ने लड़कियों के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने स्वर्ण पदक विजेता जहरा बतूल को 3100 रुपये और कांस्य पदक विजेता शबनम जहरा को 1100 रुपये देकर उनकी हिम्मत बढ़ाई। आठ लड़कियों के एक ग्रुप ने चैंपियनशिप में लद्दाख को रिप्रेजेंट किया। उनके साथ कोच मोहम्मद अली और मुर्तजा अली खान और टीम मैनेजर मोहम्मद इब्राहिम शौकी भी थे। जहरा बतूल और शबनम जहरा की शानदार उपलब्धियां कारगिल के लिए गर्व का पल है।