जम्मू-कश्मीर के लद्दाख मंडल के लिए मंडल आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय स्थायी तौर पर लेह में रखने का विरोध हो रहा है। रविवार को हजारों लोगों ने राज्य प्रशासन के फैसले के खिलाफ कारगिल की सड़कों पर मार्च निकाला।
लोगों की मांग है कि मंडल आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय चक्रीय आधार पर काम करें। यानी सर्दी में कार्यालय लेह में हो और गर्मी में कारगिल में। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन इस्लामिया स्कूल चौक से शुरू हुआ और करीब चार घंटे तक शहर के विभिन्न सड़कों पर चला। कारगिल के मुख्य कार्यकारी पार्षद फीरोज खान ने कहा कि लोग लद्दाख क्षेत्र को मंडल बनाने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन मंडलीय मुख्यालय स्थायी रूप से लेह में रखने के विरोधी हैं।