कारगिल। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में कारगिल में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम सैयद मेहदी मेमोरियल ऑडिटोरियम हॉल में कराया गया। इसमें स्कूलों के बच्चों, जनप्रतिनिधियों, आईसीडी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही।
लद्दाख की सांसद हनीफा जान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इससे पहले मुख्य अतिथि ने आदिवासी समुदायों और विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया जहां पारंपरिक उत्पादों और कल्याणकारी पहलों का प्रदर्शन किया गया। डॉ. कोंचोक पलदान ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर एक प्रस्तुति दी। रंथक थिएटर ग्रुप ने आदिवासी नेता के जीवन और संघर्ष पर आधारित एक नाटक भी पेश किया।
जनजातीय अनुसंधान संस्थान लद्दाख के निदेशक डॉ. जाफर खान ने बताया कि 15 दिवसीय आयोजन के दौरान स्कूल कार्यक्रम, जन जागरूकता अभियान और प्रथम लद्दाख जनजातीय खेल सम्मेलन सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।