संवाद न्यूज एजेंसी
कारगिल। लद्दाख के कारगिल में शुक्रवार को आइस हॉकी रिंक बियामाथांग में नार्थ जोन अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय महिला कबड्डी चैंपियनशिप 2025 का उद्घाटन किया गया। ये आयोजन लद्दाख विश्वविद्यालय कारगिल परिसर की ओर से भारतीय विश्वविद्यालय संघ के बैनर तले और जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।
चैंपियनशिप का उद्घाटन लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता और लद्दाख विश्वविद्यालय के कुलपति साकेत कुशवाहा ने किया। उन्होंने नार्थ जोन के 48 विश्वविद्यालयों की टीमों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने संबोधन में उपराज्यपाल ने कहा कि कारगिल में इस तरह की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप की मेजबानी लद्दाख के खेल इतिहास में एक नई शुरुआत है। यद्यपि लद्दाख विश्वविद्यालय भारत का सबसे युवा विश्वविद्यालय है फिर भी इसने शिक्षा और खेल जगत में उल्लेखनीय प्रगति और उत्कृष्टता दिखाई है। उन्होंने लद्दाख को इन क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए शिक्षा और खेल के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अपना पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।
उपराज्यपाल ने जावेद स्कारचेन को टीम इंडिया में उनके योगदान और राष्ट्रीय कबड्डी टीम के कोच के रूप में उनके चयन के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जिससे लद्दाख को गौरव प्राप्त हुआ।
इस समारोह में छात्रों की ओर से रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। इसमें लद्दाख की सांस्कृतिक जीवंतता का जश्न मनाया गया। टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने निष्पक्षता, एकता और खेल भावना का संकल्प लिया।