ज्यौड़ियां/परगवाल। लोगों ने गांव इंद्री और परगवाल के बीच चिनाब दरिया पर पैंटून पुल को जल्द बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बीते कई सालों से सर्दियों में सेना पुल बनाती है। पब्लिक ज्वाइंट एक्शन कमेटी छंब-ज्यौंड़ियां के प्रधान अमृत भूषण बाबा भारती ने प्रशासन और सेना से इस बार फिर पुल बनाने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि परगवाल और इंद्री में चिनाब नदी पर पैंटून पुल बनाने क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि 2019 में केंद्र सरकार ने परगवाल-इंद्री ज्यौंड़ियां को जोड़ने के लिए स्थायी पुल का नींवपत्थर रखा था जिसका काम अभी ठप है। मगर सर्दियों में जलस्तर काफी कम हो जाता है और बीते कईं सालों से सेना पैंटून पुल बनाकर लोगों को तीन महीने के लिए राहत प्रदान करती रही है।
बता दें कि बाढ़ नियंत्रण विभाग की तरफ से दरिया चिनाब में पिछले कुछ दिनों से दोनों तरफ के लोगों को सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए बोट चलाई जा रही है। अलबत्ता दोनों तरफ के लोगों को परगवाल क्षेत्र से आने जाने के लिए अखनूर से होते हुए 60 किलोमीटर लंबा सफर तय कर वाया एक नंबर सुआ से जाना पड़ता है। इससे समय और पैसों की बर्बादी होती है। शादियों-त्यौहारों के दिनों में अखनूर में जाम का सामना भी करना पड़ता है।