जम्मू विश्वविद्यालय में शिलान्यास पट्टिका को तोड़ने के मामले में बनाई गई कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सोमवार को नहीं सौंपी। सोमवार को कमेटी ने अपनी जांच रिपोर्ट पेश करनी थी, लेकिन इसको पेश नहीं किया जा सका।
बताया जा रहा है कि अभी दो से तीन दिन और रिपोर्ट तैयार करने में लग जाएंगे। वहीं इस घटना को अंजाम देने वाले अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। तीन दिन पहले कुछ शरारती तत्वों ने विश्वविद्यालय में शिलान्यास पट्टिका और स्थल को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया था।
इसके बाद विवि प्रशासन की तरफ से रजिस्ट्रार प्रोफेसर मनोज धर की अध्यक्षता वाली कमेटी का गठन किया गया। कमेटी के इंचार्ज धर ने बताया कि अभी रिपोर्ट तैयार नहीं की गई है। हो सकता है, इसके लिए एक-दो दिन और लग जाएं।
सोमवार को इस संदर्भ में कुछ लोगों के बयान भी दर्ज किए जाने थे, लेकिन नहीं हो सके। वहीं कमेटी की रिपोर्ट लटकने और बयान न दर्ज होने पर नेशनल सेकुलर फोरम के कार्यकर्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है। फोरम ने रविवार को इसके विरोध में प्रदर्शन भी किया था।
कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो इसे लेकर उग्र रूप से प्रदर्शन किया जाएगा। एसएचओ गांधीनगर परमजीत सिंह का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है, लेकिन अभी किसी को नहीं पकड़ा गया है।