जिम्नेजियम हाल विश्वविद्यालय जम्मू में चल रही नार्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला वर्ग में मेजबान जम्मू विश्वविद्यालय का सफर खत्म हो गया। वीरवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीएनडीयू अमृतसर ने जम्मू विश्वविद्यालय को सीधे मुकाबले में बाहर कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पुरुष वर्ग में पहले ही मेजबान बाहर हो गए थे।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में महिला वर्ग में जीएनडीयू अमृतसर के खिलाड़ियों ने जम्मू विश्वविद्यालय को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और शुरू से ही दबाव बनाकर खेला। उन्होंने सीधे दो सेटों में 2-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। इसके अलावा अलीगढ़ मुसलिम विश्वविद्यालय ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ को 2-0, दिल्ली विश्वविद्यालय ने पीटीयू जालंधर को 2-0, एमडीयू रोहतक ने पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला को 2-0 से पराजित किया।
पुरुष वर्ग में पीयू चंडीगढ़ ने एचपीयू शिमला को कांटे की टक्कर में 3-1 से पराजित किया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने जीएनडीयू अमृतसर को 3-1, एलपीयू फगवाड़ा ने यूटीयू देहरादून को कांटे की टक्कर में 3-2 और एमडीयू रोहतक ने दिल्ली विश्वविद्यालय को 3-0 से पराजित किया।
इन मुकाबलों में कृष्ण गोपाल, ज्योति राजपूत, शकील अहमद, जेएस अमेजा, अनिल गोरखा, सुनील गोरखा, विक्रम जंबाल, बलवीर सिंह, अमित शर्मा ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने शारीरिक शिक्षा विभाग विवि जम्मू के निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ आदि पहुंचे।