- दूसरे मुकाबले में भूगोल विभाग ने बौद्ध अध्ययन विभाग को 68 रनों से शिकस्त दी
- जम्मू विश्वविद्यालय में अंतर-विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में जारी अंतर-विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को भौतिकी विज्ञान विभाग और भूगोल विभाग ने अपने-अपने मुकाबले जीते। भौतिकी विज्ञान विभाग ने जहां समाजशास्त्र विभाग को 10 विकेटों से पराजित किया, तो वहीं दूसरे मुकाबले में भूगोल विभाग ने बौद्ध अध्ययन विभाग पर 68 रनों से जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में समाजशास्त्र विभाग ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। समाजशास्त्र विभाग की पूरी टीम 13.4 ओवर में 88 रन पर सिमट गई। टीम के लिए वसीम ने 25, नारायण ने 24 और अभिनंदन ने 18 रन बनाए। भौतिकी विज्ञान विभाग के लिए अमन ने 2.4 ओवर में मात्र पांच रन देकर चार विकेट लिए, जबकि उमर ने तीन, आमिर ने दो और कुणाल ने एक विकेट लिया। जीत के लिए 89 रनों के आसान सा लक्ष्य का पीछा करने उतरी भौतिकी विज्ञान विभाग की टीम ने सलामी बल्लेबाजों अमन और उमर की 90 रनों की साझेदारी की बदौलत मुकाबला नौवें ओवर में ही जीत लिया। अमन ने 28 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 57 रनों की पारी खेली। वहीं, उमर ने 29 रनों का योगदान दिया।
दूसरे मुकाबले में भूगोल विभाग ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए। विशाल वर्मा ने 34, मंसूर ने 25 और शाहिद मलिक ने 18 रन बनाए। बौद्ध अध्ययन विभाग की ओर से विवान ने दो विकेट लिए, जबकि अंकित और इमरान को एक-एक विकेट मिला। जवाब में बौद्ध अध्ययन विभाग की पूरी टीम 13.2 ओवर में 64 रन पर ऑलआउट हो गई। बौद्ध अध्य्यन विभाग के लिए अंकित ने 16 और विवान ने नाबाद 11 रनों की पारी खेली। वहीं, भौतिकी विज्ञान विभाग के लिए इंजमामुल हक और शाहिद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अमन और वासु ने एक-एक विकेट चटकाए।