जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में डिजाइन योर डिग्री यूजी प्रोग्राम के चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। चार वर्षीय प्रोग्राम की ओपन कैटेगरी में 18 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। नौ अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है। डिजाइन योर डिग्री विश्वविद्यालय की ओर से चलाया जा रहा महत्वाकांक्षी प्रोग्राम है जिसे छात्रों की पसंद के विषय चुनने की आजादी को देखते हुए डिजाइन किया गया है। जम्मू विश्वविद्यालय के स्किल इन्क्यूबेशन, इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर की डायरेक्टर प्रो. अल्का शर्मा के अनुसार अभ्यर्थियों को 18 जून से पहले दस्तावेज जमा करने होंगे। मूल प्रमाणपत्र भी दिखाने होंगे। इसके बाद निर्धारित फीस जमा करने के बाद प्रवेश ले सकेंगे।
जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड (जेकेबोस) के छात्रों के लिए फीस में एक हजार रुपये की विशेष छूट दी गई है। उनकी फीस 36,200 रुपये है जबकि अन्य बोर्ड के अभ्यर्थियों को फीस 37,320 रुपये चुकानी होगी। प्रो. शर्मा के मुताबिक फीस जमा करने का स्क्रीनशॉट अभ्यर्थियों को ट्रांजेक्शन आईडी संख्या के साथ एसआईआईईडीसी की ईमेल आईडी siiedcjammuuniversity.ac.in पर भेजना होगा।