अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) में आठ साल के लंबे अंतराल के बाद चुनावी प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। हर पद पर केवल एक-एक उम्मीदवार होने के कारण मतदान की नौबत नहीं आई। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा निर्देशों के तहत इन परिणामों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की जाएगी। कोर्ट का अंतिम आदेश आने के बाद ही नई कार्यकारिणी औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेगी।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन की पवेलियन बिल्डिंग, मैदान में हुई स्पेशल जनरल बैठक में एपेक्स काउंसिल के पदाधिकारियों और दो काउंसलर्स के नाम फाइनल किए गए। अब आगामी कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश आने के बाद होगी। फिलहाल नतीजों पर फैसला होने तक रोक रहेगी। जनरल बॉडी के कुल 22 सदस्यों में से 18 सदस्य मौजूद थे। यह संविधान को लागू करने के बाद पहली बैठक थी। इस मौके पर प्रशासनिक सदस्य ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
साल 2021-22 में बीसीसीआई ने तीन सदस्यीय उप-समिति का गठन किया था। समिति की ओर से नियमित गतिविधियों के लिए संविधान तैयार किया गया और बीसीसीआई को सौंपा गया। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया के लिए सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया। इसमें 12 सप्ताह में चुनाव करवाने को कहा गया। इसके लिए चुनाव अधिकारी की तैनाती की गई, जिनका काम चुनाव करवाना और मतदाता सूचियां तैयार करना था।