जेएंडके प्रीमियर लीग के शुभारंभ के मौके पर खिलाड़ियों से मिलते उप राज्यपाल मनोज सिन्हा।
जम्मू। जेएंडके प्रीमियर लीग का शुभारंभ बुधवार को उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने केके हक्कू स्टेडियम में किया। इस लीग में हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबाल और खो-खो खेलों के मुकाबले वीरवार से खेले जाएंगे।
एक माह चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिला स्तर पर लीग मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें जम्मू सहित रियासी, रामबन, सांबा, डोडा, किश्तवाड़ की टीमों के बीच मुकाबले होंगे, जबकि उधमपुर और कठुआ में मुकाबले चल रहे हैं। पुंछ और राजोरी में मुकाबले खेले जा चुके हैं। जम्मू जिले में वीरवार से इन चार खेलों में मुकाबले परेड ग्राउंड, शास्त्री नगर, इंडोर हाल भगवती नगर और केके हक्कू स्टेडियम में खेले जाएंगे।
लीग का उद्घाटन करते हुए उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रीमियर लीग खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा और उनके खेलों की गुणवत्ता बढ़ाएगी। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उभरने का मौका मिलेगा। जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को चुना गया है। प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत 30 करोड़ रुपये खेलों के बुनियादी ढांचे का विकास करने के लिए मंजूर किए गए हैं। बैक टू विलेज कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को किट प्रदान की गई है। सलाहकार फारूख खान ने कहा कि अलगे वित्त वर्ष से 12 विभिन्न खेलों में प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा।