फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर: बेटियां फिर बुलंदियों पर, बीआरटीसी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पांचों महिला कैडेट

Sat, 04 Mar 2023 06:28 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, कठुआ

सार

सरदार पृथीनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल कठुआ में 480 प्रशिक्षुओं के बैच की पासिंग आउट परेड हुई। इसमें महिला कैडेटों ने बाजी मारी। मुख्य अतिथि एलजी मनोज सिन्हा रहे।  
विज्ञापन
कठुआ में पुलिस पासिंग आउट परेड - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांस्टेबल के बेसिक भर्ती प्रशिक्षण में बेहतरीन प्रदर्शन कर टॉप करने वाली पांचों युवतियां हैं। सरदार पृथीनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल कठुआ में 480 प्रशिक्षुओं के बैच की पासिंग आउट परेड हुई। इसमें महिला कैडेट ने बाजी मारी। इनमें ऑल राउंड बेस्ट कैटेगरी हासिल कर डीपीएल रामबन से प्रशिक्षण के लिए आईं सोनाली भगत को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिली।

विज्ञापन


विभिन्न श्रेणियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में सरलीन कौर, सपना सैनी, हिना चौधरी और नीतिका राजपूत शामिल रहीं। पासिंग आउट परेड के दौरान एलजी मनोज सिन्हा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि बेटियों पर गर्व है। दो साल पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस बल में महिलाओं के लिए 15 फीसदी आरक्षण रखा गया था।

आज बेटियों के प्रदर्शन से लगता है कि इसे बढ़ाने की जरूरत है। बेटियों ने साबित किया है कि वे किसी से कम नहीं। एलजी ने कहा कि लगातार कोशिश हो रही है कि जम्मू-कश्मीर का समय की दृष्टि से कैसे विकास किया जाए। प्रदेश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी कृषि या उससे संबंधित क्षेत्रों से अपनी आजीविका पर निर्भर है।
विज्ञापन


पांच वर्ष में कैसे जम्मू-कश्मीर की जीडीपी में कृषि से आजीविका सुधार सकते हैं, इसके लिए बजट में 5013 करोड़ रुपये का प्रावधान कर दिया गया है। प्रदेश में निजी निवेश पर उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लेकर पिछले डेढ़ साल पहले तक 14 से 15 हजार करोड़ रुपये का निजी निवेश ही हो पाया था, जबकि अब 66 हजार करोड़ के प्रपोजल हमारे पास हैं।

13 हजार करोड़ का काम जमीन पर हो रहा है, जबकि कोशिश करेंगे कि पूरा प्रस्ताव जमीन पर उतर सके। पर्यटन के लिहाज से एक करोड़ 80 लाख लोग जम्मू-कश्मीर पहुंचे जो शायद अब तक सबसे अधिक आंकड़ा है। सिन्हा ने प्रशिक्षुओं से कहा कि एकादशी पर वे अपने जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।

जेके पुलिस का त्याग, समर्पण और बलिदान किसी परिचय का मोहताज नहीं है, इसलिए याद रखिएगा कि यह वह पुलिस है, जिसने मां भारती की रक्षा के लिए अनगिनत कुर्बानियां दीं हैं। कहा कि आने वाले दिनों में अनेक चुनौतियों, जनअपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर प्रशिक्षुओं को खरा उतरना होगा।

मौके पर डीजीपी दिलबाग सिंह ने भी प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया। एसपीएस पीटीएस कठुआ के प्रधानाचार्य रूपराज ने प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों के बारे जानकारी दी। बीआरटीसी के 29वें बैच में 49 महिला कांस्टबेल भी शामिल हैं।

480 प्रशिक्षुओं में 330 कांस्टेबल पहले ही एसपीओ के रूप में काम कर चुके हैं। 32 फॉलोअर के रूप में और 85 एसआरओ के तहत नियुक्त किए गए हैं।

सोनाली ने कहा, पिता के सपनों को किया साकार 

पिता की शहादत के बाद से सोनाली का सपना परिवार का नाम रोशन करना था। बचपन से उन्होंने पुलिस ज्वाइन करने का मन बनाया और आखिरकार यह मौका मिल ही गया। वर्ष 2002 में रियासी जिले के माहौर गांव में आतंकवादियों के साथ लोहा लेते शहीद हुए कांस्टेबल तेज राम की बेटी सोनाली भगत बीआरटीसी के 29वें बैच में बेहतरीन प्रदर्शन के साथ ही आउट ऑफ टर्न प्रमोशन हासिल कर सीनियर ग्रेड कांस्टेबल पद पर तैनात हो गई हैं।

सोनाली की इस उपलब्धि को करीब से देखने के लिए उनकी मां, बहन और मामा भी पुलिस ट्रेनिंग स्कूल कठुआ पहुंचे। परिवार के लिए यह भावुकता से भरा पल था। सोनाली ने कहा कि उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। पिता का आशीर्वाद साथ था।

उन्हें फायरिंग में बेस्ट, परेड कमांडर और ऑल राउंड बेस्ट में चुना गया। वह चाहती हैं कि वह अपनी जिम्मेदारी को अच्छे से निभाएं। सोनाली की माता सविता ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। पिता की शहादत के बाद सोनाली ने उनका नाम रोशन किया है। सोनाली रामबन जिले के परनोत की निवासी हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें