पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन से पूरा देश शोकाकुल है। जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि पूर्व विदेश मंत्री और अनुभवी राजनेता नेता सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन पर बहुत दुखी हूं। मैं इस दुख की घड़ी में उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
बता दें कि पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। घबराहट होने की शिकायत के बाद रात करीब 9.00 बजे सुषमा को एम्स लाया गया जहां काफी प्रयासों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सुषमा की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई नेता अस्पताल पहुंच गए। बाद में जब सुषमा की मौत की खबर मिली तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वहां पहुंच गए।