जम्मू। जेएंडके बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए कई तरह की वित्तीय राहत की घोषणा की है। बैंक ने अपने कर्जदारों की मासिक किस्तों को तीन माह के लिए स्थगित कर दिया है। अगले तीन माह में कर्ज की राशि पर किसी तरह का ब्याज भी नहीं लगेगा। बैंक के चेयरमैन आरके छिब्बर के अनुसार घरेलू एटीएम पर डेबिट कार्ड से राशि निकासी पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। एम-पे या ई-बैंक से सभी आरटीजीएस भी शुल्क मुक्त होंगे। बैंक खातों में न्यूनतम राशि रखने की अनिवार्यता पर लगने वाले जुर्माने को अगले तीन माह तक माफ किया गया है। इसमें न्यूनतम राशि की अनिवार्यता को समाप्त किया गया है। बैंक की शाखाएं सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक काम कर रही हैं। बैंक ने दावा किया है कि सभी एटीएम नियमित रूप से सैनिटाइज किए जा रहे हैं।
बिजली-पानी का बिल ऑनलाइन जमा होगा
जम्मू। लॉकडाउन के दौरान भी लोग अपने बिजली और पानी के बिलों का भुगतान ऑनलाइन कर सकते हैं। लॉकडाउन के कारण लोगों के घरों से निकलने पर रोक के चलते विभागों ने यह सुविधा दी है। पानी का बिल पीएचई विभाग की वेबसाइट जेकेपीएचईवाटबिलिंगडाटकाम और पीडीडी का बिल सहुलियतडॉटजेकेपीडीडी पर लोग बिल जमा करवा सकते हैं। लोग कभी भी ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।