जेएंडके बैंक प्रबंधन ने अपने शीर्ष अधिकारियों की टीम को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन सीनियर प्रेसीडेंट को एग्जक्यूटिव प्रेसीडेंट और तीन प्रेसीडेंट को सीनियर प्रेसीडेंट के पद पर पदोन्नत किया है।
इस संबंध में आवश्यक आदेश बैंक के सीईओ मुश्ताक अहमद ने वीरवार को जारी किए। वगीश चंद्र, सुरजीत सिंह सहगल और अब्दुल रौफ नए एग्जक्यूटिव प्रेसीडेंट बनाए गए।
जबकि अब्दुल राशिद, मोहम्मद सईद वानी और सुरेंद्र कृष्ण भट को सीनियर प्रेसीडेंट के पद पर पदोन्नत किया गया है। सीईओ ने कहा कि बैंक प्रबंधन विकास और प्रभावी समेकन की प्रक्रिया में नेतृत्व के स्तर में गति लाना चाहता है।
बैंक की मानव पूंजी को सबसे कीमती संपत्ति बताते हुए सीईओ ने कहा कि हमारे लोगों के योगदान को देखते हुए हम सभी स्तर पर मानव संसाधन के लिए आशाजनक विकास के मार्ग को पेश करने के अवसर देना चाहते हैं।
एसएस सहगल एडवांसेज (शेष भारत) कस्टमर केयर, अब्दुल रौफ एचआरडीडी, सीसीडी, बोर्ड और सीएसआर तथा वगीश चंद्र तकनीकी व सूचना सेवा का नेतृत्व करेंगे।