राज्यपाल एनएन वोहरा ने मंगलवार को सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग से कहा कि वह यह सुनिश्चित करें कि झेलम नदी पर चल रहे ड्रेजिंग के कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि उसे समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने श्रीनगर के नूरबाग इलाके में कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।
मंगलवार की सुबह श्रीनगर पहुंचे राज्यपाल एनएन वोहरा ने झेलम नदी के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर ड्रेजिंग व बाढ़ प्रबंधन कार्यों का जायजा लिया।
इस अवसर पर उनके साथ सलाहकार खुर्शीद अहमद गनई, मुख्य सचिव बीआर शर्मा, वित्त आयुक्त योजना एवं विकास बीबी व्यास, प्रमुख सचिव पीके त्रिपाठी, प्रमुख गृहसचिव आरके गोयल, डिविजनल कमिश्नर कश्मीर डा. असगर सामून के अलावा अन्य अधिकारी भी थे।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के चीफ इंजीनियर ने झेलम की खुदाई और सिल्ट निकालने के काम की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक झेलम में 6,10,000 क्यूबिक मीटर खुदाई की गई है, जबकि फ्लड स्पिल चैनल में 92 हजार क्यूबिक मीटर खुदाई की गई है।
उन्होंने बताया कि मार्च 2016 तक आठ लाख क्यूबिक मीटर खुदाई का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कोलकाता स्थित रिच ड्रेजर्स कंपनी को श्रीनगर में झेलम नदी में सात लाख क्यूबिक मीटर और बारामुला में 915000 क्यूबिक मीटर ड्रेजिंग करनी है।
यह काम विभिन्न मौसमी परिस्थितियों में लगातार जारी रहेगा। राज्यपाल एनएन वोहरा ने झेलम नदी की मेकेनिकल ड्रेजिंग शुरू करने में अनावश्यक देरी पर रोष जताते हुए कहा कि श्रीनगर और बारामुला में यह काम अब जल्द शुरू कर दिया जाना चाहिए।