जेई इलेक्टि्रकल की परीक्षा को लेकर प्रशासन ने की बैठक। स्रोत: सूचना विभाग।
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासन ने की बैठक, परीक्षा में पारदर्शिता और अधिकारियों को समन्वय बनाने के निर्देश
जूनियर इंजीनियर सिविल की परीक्षा दो नवंबर को होगी, उसे लेकर भी बैठक में रणनीति तय
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल की परीक्षा कल 25 अक्तूबर को होगी। वीरवार को प्रशासन ने परीक्षा के आयोजन को लेकर बैठक की। तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।एडीएम अनुसूया जम्वाल ने सभी विभागों से जेई इलेक्ट्रिकल की परीक्षा को लेकर प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने को कहा। उन्होंने जम्मू जले में परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए पारदर्शिता और समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा सामग्री के समय से वितरण के साथ ही, चौकस निरीक्षण, पर्याप्त सुरक्षा और अभ्यर्थियों को सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए।
जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की ओर से इस परीक्षा का आयोजन बीती 24 अगस्त को नियत था, लेकिन उस वक्त विवादों में घिरी इस परीक्षा को बोर्ड की ओर से स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद परीक्षा के लिए नई तिथि घोषित की गई, लेकिन प्रदेश भर में आपदा की वजह से इसका आयोजन नहीं कराया जा सका।
बोर्ड की ओर से जेई इलेक्ट्रिकल और जेई सिविल की परीक्षा की नई तिथियां क्रमश: 25 अक्तूबर और दो नवंबर नियत की गई थी। अभी जेई सिविल की परीक्षा में करीब एक सप्ताह बाकी है। इन दोनों परीक्षाओं में हजारों परीक्षार्थी शिरकत करेंगे।