- सीवरेज के पानी से भरा परिसर, झुग्गियां बनाईं, शाम ढलते ही बढ़ जाती हैं संदिग्ध गतिविधियां
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। चांद नगर स्थित महाराजा हरि सिंह पार्क के सामने जेडीए की पार्किंग टेंडर अवधि समाप्त होते ही बदहाली का शिकार हो गई है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार यह पार्किंग स्थल इन दिनों देखरेख के अभाव में गंदगी और अव्यवस्था की तस्वीर पेश कर रहा है।
पार्किंग परिसर में शहर के कुछ हिस्सों से आने वाला सीवरेज का पानी जमा हो रहा है। निकासी की उचित व्यवस्था न होने से जगह-जगह गंदा पानी और कीचड़ फैला है। बदबू के कारण आसपास के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद वाहन चालक यहीं गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार, अमित कुमार व राजेश साहनी का कहना है कि कुछ महीनों पहले पार्किंग के एक हिस्से में अवैध रूप से झुग्गियां बना ली गई हैं। इससे न केवल पार्किंग की सुविधा प्रभावित हुई है बल्कि क्षेत्र में नशाखोरी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की आशंका भी बढ़ गई है। शाम के समय असामाजिक तत्वों की आवाजाही से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से पार्किंग स्थल की सफाई, सीवरेज निकासी और अवैध कब्जों पर कार्रवाई की मांग की है।
कोट-
कुछ माह पहले पार्किंग का टेंडर समाप्त हो गया था। इसको लेकर प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जल्द ही किसी अन्य एजेंसी को इसे सौंपकर लोगों को फिर से सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। अवैध रूप से रहने वाले लोगों को हटाया जाएगा।
-गोपाल शर्मा, एक्सईएन, जेडीए