-कब्रिस्तान से सटी एक कनाल भूमि पर कार्रवाई करने के लिए पहुंचे थे अधिकारी
-तनावग्रस्त माहौल में पुलिस ने टीम को भीड़ से बचाकर सुरक्षित स्थान पहुंचाया
जम्मू। बेलीचराना में कब्जे हटाने पहुंची जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) की टीम पर हमला हो गया। कब्रिस्तान के पास लोगों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया जिस कारण अधिकारियों की गाड़ी के शीशे टूट गए। टीम को पुलिस की कड़ी निगरानी में बाहर निकाला गया।
दरअसल वीरवार दोपहर को जेडीए के अधिकारी पूरी तैयारी के साथ उक्त इलाके में पहुंचे। करीब एक कनाल भूमि से अवैध कब्जे हटाने की अभी तैयारी की जा रही थी कि अचानक भीड़ एकत्रित हो गई। अधिकारियों के अनुसार करीब आठ कनाल भूमि पर कब्रिस्तान है। उसके आसपास की जमीन जेडीए की है। कुछ लोगों ने कब्रिस्तान के नाम पर एक कनाल अतिरिक्त भूमि पर अवैध कब्जे कर लिए हैं। इसी को हटाने के लिए टीम जेसीबी व अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची थी।
टीम ने जैसे ही अवैध ढांचों को गिराने की प्रक्रिया शुरू हुई तो बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और विरोध करने लगे। कुछ ही समय में स्थिति बेकाबू हो गई और भीड़ ने अधिकारियों को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया। इस कारण सरकारी गाड़ी के शीशे चकनाचूर हो गए। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई और टीम को सुरक्षा कारण से पीछे हटना पड़ा। हालांकि पुलिस ने तनावपूर्ण स्थिति को मौके पर ही नियंत्रित कर लिया।
सरकारी जमीन पर किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
- गरवी रशीद, भूमि प्रबंधन निदेशक, जेडीए।
मामला संज्ञान में आया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ सतवारी थाने में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। जल्द ही पथराव करने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- अजय शर्मा, एसपी (साउथ) जम्मू।