पुंछ जिले में एलओसी के पास शनिवार को हुए भीषण आईईडी विस्फोट में सेना के एक नायब सूबेदार (जेसीओ) शहीद हो गए। नायब सूबेदार एस अनयाइमां नागालैंड के रहने वाले थे और नियंत्रण रेखा पर दो नागा रेजीमेंट में तैनात थे। प्रारंभिक जांच में आईईडी विस्फोट के पीछे पाकिस्तान का हाथ होने के संकेत मिले हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1.10 बजे जिले में एलओसी के दिगवार क्षेत्र की अग्रिम चौकी मैदान पोस्ट से कुछ दूरी पर एक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा।
आवाज सुनने के बाद क्षेत्र में तैनात सेना के जवानों ने तुरंत पोजिशन संभाल ली। उन्हें लगा कि पाक सेना ने गोलाबारी शुरू कर दी है। जवानों ने विस्फोट के कारणों का पता लगाने की कोशिश की तो उन्हें हाल ही में तैनात दो नागा रेजीमेंट के नायब सूबेदार एस अनयाइमां गंभीर रूप से घायल पड़े मिले। जवान तुरंत उनको उठाकर शिविर में ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद नगर स्थित सेना के 425 फील्ड एंबुलेंस अस्पताल लाया। वहां उपचार के दौरान नायब सूबेदार शहीद हो गए।