2.21 करोड़ की जगह 1.90 करोड़ की बोली लगाने वाले को मिला टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध झिड़ी मेले की टेंंडर प्रक्रिया बुधवार देर शाम को पूरी हो गई है। इसका टेंडर लुधियाना (पंजाब) की भोलानाथ कंपनी के वरिंद्र कपूर को मिला है। उन्होंने 1.90 करोड़ की बोली लगाई थी।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को एसडीएम मढ़ अथर अमीन जरगर, तहसीलदार आरके राठौड और बीडीओ सचिन अबरोल की अध्यक्षता में प्रक्रिया शुरू हुई। मेले की बोली 1.62 करोड़ रुपये से शुरू हुई और 2.21 करोड़ रुपये पर खत्म हुई। लेकिन, 2.21 करोड़ की बोली लगाने वाली टीआरके डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड चंबा की कंपनी के पंकज कपूर पूरे दस्तावेज जमा नहीं करवा पाए।
मेले में टेंडर हासिल करने के लिए 14 ठेकेदारों ने हिस्सा लिया था। लेकिन, लुधियाना की भोलानाथ कंपनी के दस्तावेज पूरे थे। कंपनी के लिए वरिंद्र कपूर ने टेंडर की बोली 1.90 करोड़ लगाई थी। वहीं, अन्य ठेकेदारों ने बोली तो ज्यादा लगाई, लेकिन वह दस्तावेज पूरे नहीं जमा करवा पाए। इस बार वाहन पार्किंग का टेंडर भी साथ में ही लगाया गया है।
इस बार मेला स्थल की नीलामी पिछले साल के मुकाबले करीब 73 लाख रुपये अधिक लगाई गई। पिछले साल यह बोली 14750000 थी, जबकि इस बार बोली 1.62 करोड़ रुपये से शुरू होकर और 2.21 करोड़ रुपये पर बंद हुई।
मेले में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से श्रद्धालु हिस्सा लेंगे। झिड़ी में लगने वाला उत्तर भारत का सबसे बड़ा किसान मेला इस बार भी 11 दिन का होगा।
14 से 24 नवंबर तक चलेगा झिड़ी मेला
प्रसिद्ध झिड़ी मेला 14 से 24 नवंबर तक चलेगा। 28 अक्टूबर को मेले के लिए टेंडर प्रक्रिया का आखिरी दिन था। इसके लिए एसडीएम कार्यालय में चली प्रक्रिया में जम्मू सहित पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और दिल्ली के 14 ठेकेदारों ने हिस्सा लिया। टेंडर प्रक्रिया संपन्न होने के बाद डीसी जम्मू सचिन कुमार वैश्य ने मेले की तैयारियां आरंभ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर और आसपास क्षेत्र में स्वच्छता बनाने पर जोर दिया है। बाबा जित्तो के ऐतिहासिक मंदिर के आसपास करीब 300 कनाल भूमि में हर साल की तरह इस बार भी सर्कस के अलावा सैकड़ों दुकानें व स्टाल लगेंगे। मेला कमेटी ही दुकानों व स्टालों के रेट निर्धारित करेगी। जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी की जाएगी।
भव्य रूप से सजाया जा रहा बाबा जित्तो का मंदिर
जम्मू से 20 किलोमीटर दूर झिड़ी गांव में स्थित बाबा जितो के प्राचीन मंदिर को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। 15 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन बाबा तालाब में विशेष सुगल स्नान होगा। इस बार झिड़ी मंदिर को दिवाली से पहले ही रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया है।