जेकेबोपी ने जारी किया बीटेक कोर्स की प्रवेश परीक्षा का परिणाम
12 अप्रैल को प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई थी परीक्षा
प्रोविजनल सूची में 1445 पास अभ्यर्थी शामिल, मेरिट के आधार पर होगी काउंसिलिंग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एक्जामिनेशन (जेकेबोपी) ने बीटेक कोर्स में दाखिले के लिए हुई प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। प्रोविजनल सूची में 1445 पास अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं। इसमें रुद्र कोहली ने पहला, वृद्धि ने दसूरा, आशिल उबोट ने तीसरा, हेतल कौल ने चौथा व विश्व गुप्ता ने रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल किया है।
इनमें से मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को सरकारी व निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश मिलेगा। हालांकि, जेकेबोपी ने अभी तक काउंसलिंग की तिथि जारी नहीं की है। यह पहला मौका है कि जेकेबोपी ने जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड के 10वीं व 12 वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी करने से पहले प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है।
1445 अभ्यर्थियों को इस सूची में शामिल किया गया है। बोर्ड की तरफ से सूची में शामिल अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए तिथि घोषित होने के बाद बुलाया जाएगा। परीक्षा जम्मू, श्रीनगर, डोडा, राजोरी, अनंतनाग, बारामुला व लेह केंद्र में आयोजित की गई थी।