200 बंद, 250 सर्विस मांग रहे, शहर में ठंडे पानी का संकट
राहगीरों के साथ पर्यटकों के सूख रहे कंठ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में भीषण गर्मी के बीच विभिन्न स्थानों पर लगे 200 वाटर एटीएम प्यास बुझाने में नाकाम दिख रहे हैं। कुल 450 वाटर एटीएम में 200 बंद पड़े हैं और 250 के करीब सर्विस मांग रहे हैं। रखरखाव और मरम्मत न होने के कारण वाटर एटीएम शोपीस बने हुए हैं।
शहर में एतिहासिक रघुनाथ मंदिर और रघुनाथ बाजार जैसे कई प्रमुख स्थल हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों व पर्यटकों की आवाजाही होती है। मौजूदा समय में बढ़ रहे तापमान के चलते लोगों को वाटर एटीएम का लाभ नहीं मिल रहा है। अधिकांश वाटर एटीएम के बंद हैं। स्मार्ट सिटी में नगर निगम ने शहर के प्रमुख स्थानों पर वॉटर एटीएम स्थापित किए थे।
मौजूदा समय में तकनीकी समस्या, बिजली आपूर्ति और रखरखाव न होने से बंद पड़े हैं। नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। शहर के ज्यूल चौक, एमए स्टेडियम के बगल में, गुम्मट बाजार चौक, वेयर हाउस आदि स्थानों पर लगाए गए वाटर एटीएम बंद हैं। जून माह में प्रचंड गर्मी में ठंडे पानी की उपलब्धता न होने से राहगीरों की हालत और खराब होगी।
-
निविदा प्रक्रिया पूरी, दो सप्ताह में ठीक होंगे
नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने कहा कि वॉटर एटीएम को दुरुस्त बनाने के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिस कंपनी को जिम्मेदारी दी गई है उसने दो सप्ताह में ठीक करने का दावा किया है।