जम्मू विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार नए अकादमिक सेशन में छात्र संघ के चुनाव करवाने की तैयारी की जा रही है। पिछले साल राज्यपाल की अध्यक्षता में यूनिवर्सिटी काउंसिल की ओर से चुनाव को मंजूरी मिलने के बाद तैयारियां की गई थीं।
लेकिन अकादमिक सेशन का कम समय रहने के कारण इसे नए सेशन के लिए प्रस्तावित किया गया था। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सतनाम कौर ने बताया कि जमीनी स्तर पर चुनाव का खाका तैयार किया गया था। नए सेशन में सभी विभागों के प्रतिनिधियों से छात्र संघ के चुनाव करवाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के आधार पर चुनाव करवाए जाने हैं। मुख्य चुनाव से पूर्व पीजी विभागों से प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिनिधि ही छात्रसंघ के पदाधिकारियों को मत देकर पदाधिकारियों का चयन करेंगे। देश के अन्य कई राज्यों में छात्रसंघ के चुनाव विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त कालेजों के साथ करवाए जाते हैं।