आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ने पूर्व उपमुख्यमंत्री के पीआरओ को गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस ने जांच में पाया है कि पीआरओ के पास व्यवसायिक और लग्जरी वाहनों के रूप में काफी संपत्ति है। साथ ही अचल संपत्तियां हैं।
2015 में विजिलेंस ने पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद के पीआरओ केवल शर्मा निवासी कचरियाल तहसील खौड़ के खिलाफ बेनामी अचल संपत्ति और आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था। इसके बाद से ही इस मामले की जांच की जा रही थी।
जांच में यह भी पाया गया है कि केवल शर्मा ने अपने आवास के अलावा कई राज्यों में बेनामी संपत्ति बना रखी है, जिसकी कीमती करोड़ों रुपयों में है। यही नहीं, जिस शिक्षा के आधार पर वह पीआरओ नियुक्त हुआ, उसके दस्तावेज भी फर्जी पाए गए हैं। इस मामले में भी विजिलेंस जांच कर रही है।
फर्जी दस्तावेजों पर बैंक अकाउंट खोले गए
आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : demo
एक साल से चल रहे कई केस में आरोपी ने जांच में विजिलेंस का कोई सहयोग नहीं किया। इसके बाद विजिलेंस ने अब कार्रवाई करते हुए आरोपी केवल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों पर बैंक में अकाउंट खोला और उसमें करोड़ों रुपये जमा कराए। इन पैसों का केवल ने बेनामी संपत्ति खरीदने के लिए इस्तेमाल किया।
आरोपी ने फर्जी दस्तावेज कैसे तैयार किए, कैसे फर्जी दस्तावेजों पर बैंक अकाउंट खोले गए, कैसे पैसों से संपत्ति खरीदी, इसका उसने खुलासा नहीं किया। ये तमाम बातें जानने के लिए विजिलेंस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच के बाद विजिलेंस उसे पुलिस के पास ले जाएगी।
उल्लेखनीय है कि केवल शर्मा की बेनामी संपत्ति का पिछले साल खुलासा हुआ था। वह अखनूर का रहने वाला है, लेकिन उसका जम्मू के पलोड़ा में भी घर है। पूर्व उपमुख्यमंत्री के खिलाफ एक अश्लील सीडी बनाने का भी पीआरओ केवल शर्मा पर आरोप है। इसके बाद से केवल के कारनामे सामने आए।