विश्वविद्यालय जम्मू में स्वीमिंग पूल और स्पोर्ट्स हास्टल की कवायद तेज की गई है। विवि के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) को पूल और हास्टल का प्रस्ताव भेजा गया है।
अगर प्रोजेक्ट पर शीघ्र काम किया जाता है तो विवि में संभाग स्तर से आने वाले खिलाड़ियों को पूल के साथ हास्टल की सुविधा मिल सकेगी। विभाग के निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ के अनुसार विवि में खेल ढांचे को विकसित करने के लिए उचित प्रयास किए गए हैं।
यूजीसी के पास कई नए प्रोजेक्टों को मंजूरी मिलने के बाद खेल ढांचा मजबूत होगा। यूजीसी को भेजे गए स्वीमिंग पूल के प्रस्ताव में विवि में गर्ल्स हास्टल के सामने वाली जगह को चिन्हित किया गया है। इस जगह पर स्वीमिंग पूल के अलावा चिल्ड्रन पार्क का प्रस्ताव रखा गया है।
25 वाया 50 मीटर के पूल का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह क्रिकेट मैदान के साथ वाली जगह पर स्पोर्ट्स हास्टल का प्रस्ताव भेजा गया है। विवि में अपना कोई स्पोर्ट्स हास्टल न होने के कारण राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के दौरान देशभर से आने वाले खिलाड़ियों को किराये के स्थानों पर ठहराया जाता है।
हास्टल की सुविधा न होने से अंतर कालेज खेल स्पर्धाओं में भी दूरवर्ती कालेजों की भागीदारी कम रहती है। इसमें ऐसे इलाकों से आने वाले खिलाड़ियों के पास ठहरने के लिए कोई जगह नहीं होती है। दोनों प्रस्तावों पर यूजीसी को उचित कदम उठाने के लिए कहा गया है।