कालेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब जम्मू विवि सहित मान्यता प्राप्त कालेजों में पीजी कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया का पहला चरण शुरू होगा। विभिन्न कोर्स और पीजी डिप्लोमा में दाखिला पाने के लिए जम्मू यूनिवर्सिटी की ओर से एंट्रेंस (स्क्रीनिंग टेस्ट) परीक्षा आयोजित की जा रही है। एंट्रेंस परीक्षा का काउंट-डाउन शुरू हो गया है।
परीक्षा के लिए विद्यार्थियों सहित विवि प्रशासन के लिए एक दिन शेष बचा है। विवि प्रशासन की ओर से पच्चीस जून को परीक्षा करवाई जाएगी, जिसमें पंद्रह हजार के करीब विद्यार्थियों के बैठने का अनुमान है। विवि कैंपस के विभिन्न विभागों सहित मान्यता प्राप्त कालेजों में तीन हजार से भी ज्यादा सीटों के लिए विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी।
इसके साथ ही पीजी कोर्स की एक सीट के लिए चार से पांच विद्यार्थियों के बीच कांटे की टक्कर रहेगी। विवि कैंपस के विभागों में अपने मनपसंद विषय में दाखिला पाने के लिए विद्यार्थी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। एंट्रेंस परीक्षा में अपना सौ प्रतिशत देने के लिए विद्यार्थी पुराने सैंपल पेपर और इंटरनेट की मदद ले रहे हैं।
इसके साथ ही विवि कैंपस के विभागों से पीजी कर रहे विद्यार्थियों से परीक्षा से संबंधित चीजों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी ले रहे हैं। विवि कैंपस के डीन एकेडिमक अफेयर्स एंट्रेंस परीक्षा करवाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। विभाग की ओर से पुंछ, कठुआ, उधमपुर, किश्तवाड़, भद्रवाह, राजोरी जिले सहित श्रीनगर और लेह में परीक्षा केंद्रों को स्थापित किया। इसके साथ ही जम्मू यूनिवर्सिटी कैंपस सहित शहर के सभी कालेजों में परीक्षा केंद्रों को बनाया गया है।