कर्नाटक सरकार के एक विज्ञापन में छपे भारत के नक्शे से जम्मू-कश्मीर के अलावा नॉर्थ ईस्ट के हिस्से गायब नजर आने के बाद कर्नाटक में बवाल शुरू हो गया है। विज्ञापन देखने के बाद भाजपा ने इस मामले का जमकर विरोध करते हुए सरकार से जवाब मांगा है।
वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक सरकार ने मामले में अपना पल्ला झाड़ लिया है। खबरों के अनुसार एक इवेंट के प्रमोशन के लिए कर्नाटक सरकार की तरफ से मलेशियाई अखबार में विज्ञापन दिया गया है। इस विज्ञापन को देखने पर नजर आता है कि भारत के नक्शे में से जम्मू और कश्मीर के अलावा नॉर्थ ईस्ट का कुछ हिस्सा गायब है।
विज्ञापन पर बीजेपी ने राज्य सरकार और पर्यटन विभाग से इस मामले में जवाब मांगा है। पूर्व मंत्री और भाजपा प्रवक्ता सुरेश कुमार का कहना है कि यह संप्रभुता का मामला है जो बेहद गंभीर है। इस तरह की चूक से कई अंतरराष्ट्रीय ताकतों को खुशी होगी। कुमार ने मांग की है कि सरकार मलेशियाई एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज कर इसे ब्लैक लिस्ट करते हुए विज्ञापन वापस लेने के आदेश दें।
दूसरी तरफ कांग्रेस सरकार ने मामले में जिम्मेदारी लेने के बजाय पल्ला झाड़ते हुए इसे मलेशिया स्थित विज्ञापन एजेंसी की गलती बताया है। कर्नाटक के पर्यटन मंत्री के अनुसार, यह विज्ञापन राज्य सरकार ने जारी नहीं किया। यह विज्ञापन सिंगापुर की एक कंपनी पैसिफिक एशिया ट्रेवल एसोसिएशन को इस इवेंट की जिम्मेदारी दी गई थी।
यह एजेंसी पहली बार बंगलुरू में आ रही है। यह विज्ञापन इसी कंपनी द्वारा जारी किया गया था, जिसे मलेशिया में एक इवेंट के प्रचार की जिम्मेदारी दी गई थी। गौरतलब है कि चीन अक्सर भारत के नक्शे में से जम्मू-कश्मीर और नार्थ ईस्ट के इलाकों को गायब कर देता है, लेकिन इस बार यह कर्नाटक सरकार के विज्ञापन में हुआ है।