जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) में अब खर्चों पर नजर रखी जाएगी। विवि प्रशासन ने सरकार के खर्च कम करने संबंधी निर्देश लागू करते हुए सभी विभागों और कार्यालयों को गैर जरूरी खर्च से बचने को कहा है। साथ ही बजट में शामिल नहीं हुए काम या योजना पर पैसा खर्च करने पर रोक लगाई गई है।
सर्कुलर के अनुसार नए वाहन खरीदने पर रोक रहेगी। जरूरी मामलों में और वित्त विभाग की मंजूरी मिलने पर ही नए वाहन खरीदे जा सकेंगे। अधिकारियों को उपलब्ध वाहनों का ही उपयोग करने और ईंधन पर होने वाले खर्च को कम करने के निर्देश दिए गए हैं। सेमिनार, सम्मेलन और कार्यशालाएं केवल जरूरत पड़ने पर करने होंगे। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का अधिक इस्तेमाल करने और अनावश्यक यात्राओं से बचने को हिदायत की है। सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है।