प्रमुख सचिव, वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण धीरज गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों को अप्रैल में जंबू जू (चिड़ियाघर) को जनता को समर्पित करने के लिए सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक मोबिलाइजेशन और विभिन्न सेवाओं का ट्रायल रन करने को कहा। इसमें 24 अप्रैल तक मांडा वन्यजीव संरक्षण से जानवरों को जंबू जू में स्थानांतरित किया जाएगा। 26 अप्रैल को ट्रायल रन किया जाएगा।
प्रमुख सचिव ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में जंबू जू में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण विभाग के अधिकारियों, ठेकेदारों और सेवा प्रदाताओं से कहा कि जंबू जू को अप्रैल में हर हाल में शुरू करने के उचित प्रयास किए जाएं। उन्होंने मुख्य सड़क, पार्किंग क्षेत्र विकास, जल आपूर्ति और संबद्ध बुनियादी ढांचे जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने जू में टिकटिंग, कैफेटेरिया, कियोस्क, पेयजल प्वाइंट, शेल्टर शेड, बैटरी कार, व्यूप्वाइंट और पार्क के निर्माण की समीक्षा की। सामग्री और मशीनरी/उपकरणों के स्थानांतरण में किसी भी तरह की देरी से बचने के लिए संबंधित एजेंसियां समन्वय मजबूत बनाकर काम करें। जंबू जू के लिए कई गतिविधियों को आउटसोर्स किया जाएगा।